राजनांदगांव, उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। उन्होंने खिलाड़ियों से मेहनत, अनुशासन और एकाग्रता के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया। साव मंगलवार को राजनांदगांव के पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में खिलाड़ियों और युवाओं से संवाद कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने ‘जल, जन एवं सेवा संकल्प यात्रा’ के अभिनंदन एवं स्वागत कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया।

‘खेल नगरी’ की प्रतिभाओं का किया जिक्र

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनांदगांव की पहचान खेल नगरी के रूप में है। यहां के खिलाड़ियों ने प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि एक खिलाड़ी के लिए एकाग्रता सबसे महत्वपूर्ण गुणों में से एक है। लक्ष्य के प्रति अनुशासन और लगातार अभ्यास से ही बेहतर प्रदर्शन संभव है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की महिला खिलाड़ियों की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। साव ने एशियन गेम्स-2026 में कबड्डी में स्वर्ण पदक जीतने वाली संजू देवी, जूनियर महिला हॉकी एशिया कप विजेता टीम की सदस्य गीता यादव और मधु सिदार तथा कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतने वाली ज्ञानेश्वरी यादव की उपलब्धियों को रेखांकित किया।

पहली बार राज्य प्रायोजित हॉकी लीग

अरुण साव ने बताया कि छत्तीसगढ़ में पहली बार राज्य सरकार द्वारा प्रायोजित हॉकी लीग आयोजित की जा रही है। 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक होने वाली इस लीग के लिए करीब 400 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। चयन प्रक्रिया के बाद छह टीमें गठित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि राजनांदगांव की टीम का नाम शहर की पहचान ‘संस्कारधानी’ के नाम पर रखा गया है। इसी तरह अन्य टीमों के नामों में अलग-अलग क्षेत्रों की स्थानीय और सांस्कृतिक पहचान को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि लीग में खेल के साथ छत्तीसगढ़ की संस्कृति और पहचान को भी सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।

खेलों को बढ़ावा देने पर केंद्र और राज्य का फोकस

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया समेत विभिन्न माध्यमों से खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। विकसित भारत के लक्ष्य में खेल सहित हर क्षेत्र में प्रगति जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए केंद्र और राज्य सरकार लगातार काम कर रही हैं।

वड़नगर से पहुंचे बाइकर्स का स्वागत

कार्यक्रम में वड़नगर-वाराणसी सेवा संकल्प यात्रा के तहत राजनांदगांव पहुंचे बाइक राइडर्स का भी स्वागत किया गया। अरुण साव ने यात्रा में शामिल युवाओं से सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि वड़नगर से वाराणसी तक की यह यात्रा सेवा, आस्था और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी है। उन्होंने यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत करते हुए छत्तीसगढ़ की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से भी परिचित कराया। कार्यक्रम में सेवा संकल्प यात्रा के प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद राजेश शुक्ला, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष सचिन बघेल, राजगामी संपदा न्यास की अध्यक्ष पूर्णिमा साहू, महापौर मधुसूदन यादव सहित जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *