रायपुर, रायपुर जिले में संचालित गैर-आवासीय खेल अकादमियों में प्रवेश और प्रवेश नवीनीकरण के लिए 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को चयन ट्रायल होंगे। ट्रायल के जरिए तीरंदाजी, फुटबॉल, हॉकी और एथलेटिक्स के खिलाड़ियों का चयन प्रशिक्षण के लिए किया जाएगा। इन अकादमियों में बालक-बालिका तीरंदाजी, बालिका फुटबॉल, बालक-बालिका हॉकी और बालक-बालिका एथलेटिक्स के लिए खिलाड़ी चयनित किए जाएंगे। ट्रायल में छत्तीसगढ़ के साथ अन्य राज्यों के 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भी शामिल हो सकते हैं।

30 सितंबर को पंजीयन और शारीरिक दक्षता परीक्षण

चयन ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को 30 सितंबर को सुबह 7 बजे से 11 बजे तक रायपुर के कोटा स्थित स्वामी विवेकानंद स्टेडियम में पंजीयन कराना होगा। इसी दिन दस्तावेजों की जांच, चिकित्सीय परीक्षण और शारीरिक दक्षता परीक्षण भी किया जाएगा। पंजीयन के दौरान आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र या जन्मतिथि वाली प्रमाणित अंकसूची प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

1 अक्टूबर को होगा खेल कौशल परीक्षण

अगले दिन 1 अक्टूबर को खिलाड़ियों के खेल कौशल का परीक्षण किया जाएगा। चयन ट्रायल सुबह 7 बजे से स्वामी विवेकानंद स्टेडियम कोटा, तीरंदाजी एरिना और हॉकी स्टेडियम पिच-02 में आयोजित होंगे। खिलाड़ियों का चयन उनके प्रदर्शन और खेल क्षमता के आधार पर चयन समिति द्वारा किया जाएगा।

चयनित खिलाड़ियों को मिलेंगी ये सुविधाएं

खेल अकादमी संचालन नियम, 2014 के तहत चयनित खिलाड़ियों को शासन की ओर से निःशुल्क प्रशिक्षण, खेल परिधान, प्लेइंग किट, बीमा और खेलवृत्ति जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। विभाग ने इच्छुक खिलाड़ियों से निर्धारित तिथि पर जरूरी दस्तावेजों के साथ पहुंचकर चयन ट्रायल में शामिल होने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *