धमतरी, जिले में लगातार बारिश और जलभराव के बीच बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव का काम जारी है। प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों के आपसी समन्वय से प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा रहा है। इसी कड़ी में कुरुद क्षेत्र के लोमश ऋषि आश्रम में बाढ़ के पानी के बीच फंसे 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान चलाया गया और सभी 9 लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया गया। प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है। जरूरत वाले स्थानों पर राहत दल, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं।
सलोनी राहत शिविर में भोजन और स्वच्छता की व्यवस्था
सलोनी स्थित राहत शिविर में बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, साफ-सफाई और स्वच्छता की व्यवस्था की गई है। शिविर में सुबह नाश्ते के साथ नियमित भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण मिल सके, इसके लिए शिविर परिसर में हाईजीन का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा भी लगातार बाढ़ प्रभावित इलाकों और राहत शिविरों का जायजा ले रहे हैं। प्रशासन की टीमें प्रभावित लोगों की जरूरतों पर नजर रखते हुए राहत व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाने में जुटी हैं।