रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उनके योगदान को याद किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने देश के विकास को समाज के अंतिम व्यक्ति से जोड़कर देखने की दृष्टि दी। उनका पूरा जीवन राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा।

उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का ‘अंत्योदय’ का विचार आज भी प्रासंगिक है। विकास तभी सार्थक माना जा सकता है, जब उसका लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और जरूरतमंदों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिले।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती को ‘अंत्योदय दिवस’ के रूप में मनाना उनके विचारों को आगे बढ़ाने का अवसर है। एकात्म मानववाद और अंत्योदय का उनका दर्शन समाज के हर वर्ग के कल्याण और समावेशी विकास की दिशा में प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार भी अंत्योदय की भावना के अनुरूप समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार और राष्ट्रसेवा का भाव आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *