लखपति महिला पहल की राज्य स्तरीय स्टीयरिंग समिति की तृतीय बैठक में महिलाओं की आय बढ़ाने पर जोर
रायपुर, छत्तीसगढ़ में ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लखपति महिला पहल को बड़ी सफलता मिली है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ द्वारा संचालित इस पहल के तहत अब तक प्रदेश की 13.96 लाख ग्रामीण महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
भारत सरकार ने वर्ष 2023-26 के लिए छत्तीसगढ़ में 7.82 लाख ग्रामीण महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया था। इसके मुकाबले अब तक 13.96 लाख महिलाओं को इस श्रेणी में लाया जा चुका है, जो निर्धारित लक्ष्य का 179 प्रतिशत है।
राज्य स्तरीय समिति की बैठक में हुई समीक्षा
लखपति महिला पहल की राज्य स्तरीय स्टीयरिंग समिति की तृतीय बैठक मंगलवार को नवा रायपुर स्थित महानदी भवन में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश के 27 विभागों के अधिकारी शामिल हुए।
छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के मिशन संचालक अश्वनी देवांगन ने पहल के तहत संचालित गतिविधियों और अब तक की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। बैठक में महिलाओं को स्थायी आजीविका के साधनों से जोड़ने और उनकी आय में निरंतर वृद्धि को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा हुई।
विभागीय समन्वय से बढ़ाई जाएगी महिलाओं की आय
बैठक में विभिन्न विभागों के साथ अभिसरण के माध्यम से स्व-सहायता समूहों से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों, स्वरोजगार और स्थायी आजीविका के अवसरों से जोड़ने पर जोर दिया गया। साथ ही महिलाओं की वार्षिक आय बढ़ाने के लिए संचालित योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन और विभागों के बीच समन्वय मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।
लखपति महिला पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को विविध आजीविका गतिविधियों से जोड़कर उनकी आय में निरंतर वृद्धि करना और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। प्रदेश में अब तक मिली उपलब्धि इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाती है।