लोक निर्माण विभाग में ई-टेंडरिंग की व्यवस्था में बदलाव होने जा रहा है। 1 अक्टूबर 2026 से विभाग की सभी निविदाओं का सृजन और प्रकाशन GePNIC पोर्टल के जरिए किया जाएगा। नई व्यवस्था में ठेकेदारों को तकनीकी दिक्कत न हो, इसके लिए विभाग ने प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने का निर्णय लिया है।
लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता कार्यालय ने छत्तीसगढ़ कांट्रेक्टर यूनियन और बिल्डर एसोसिएशन ऑफ इंडिया, रायपुर के पदाधिकारियों को पत्र भेजकर ठेकेदारों को प्रशिक्षण में शामिल कराने की अपील की है। साथ ही GePNIC पोर्टल के बारे में ठेकेदारों के बीच जानकारी पहुंचाने में सहयोग करने को कहा गया है।
22 से 30 सितंबर तक रोज होगी ट्रेनिंग
ठेकेदारों को GePNIC पोर्टल के उपयोग और ई-टेंडरिंग की नई प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए 22 सितंबर से 30 सितंबर तक प्रत्येक कार्य दिवस दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होने वाली यह ट्रेनिंग चिप्स के माध्यम से आयोजित की जाएगी।
पोर्टल पर नामांकन जरूरी
विभाग ने स्पष्ट किया है कि 1 अक्टूबर से निविदाओं का सृजन और प्रकाशन केवल GePNIC पोर्टल के माध्यम से होगा। ऐसे में सभी ठेकेदारों के लिए पोर्टल पर नामांकन कराना जरूरी होगा। अक्टूबर से ठेकेदार इसी पोर्टल के जरिए निविदा प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।
विभाग का कहना है कि नई व्यवस्था लागू होने से पहले प्रशिक्षण कराने का उद्देश्य ठेकेदारों को पोर्टल की प्रक्रिया से परिचित कराना और ई-टेंडरिंग के दौरान आने वाली तकनीकी परेशानियों को कम करना है।