अम्बिकापुर : श्री रामलला तीर्थ दर्शन योजना के तहत सरगुजा संभाग के 850 श्रद्धालु बुधवार को भारत गौरव ट्रेन से काशी और अयोध्या धाम के लिए रवाना हुए। अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन से दोपहर 2:30 बजे रवाना हुई स्पेशल ट्रेन को पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाई।

इस मौके पर महापौर मंजूषा भगत, नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन, आईआरसीटीसी और छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अधिकारी मौजूद रहे।

काशी में बाबा विश्वनाथ, अयोध्या में रामलला के दर्शन

तीर्थयात्रियों को इस यात्रा के दौरान काशी विश्वनाथ मंदिर और अयोध्या धाम में श्री रामलला के दर्शन का अवसर मिलेगा। यात्रा के जरिए श्रद्धालु धार्मिक स्थलों के साथ देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से भी जुड़ सकेंगे।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि सरगुजा संभाग के 850 श्रद्धालुओं का काशी और अयोध्या के लिए रवाना होना खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेशवासियों को धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने के अधिक अवसर मिलें।

स्टेशन पर नजर आया उत्साह

भारत गौरव ट्रेन की रवानगी के दौरान अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं और उनके परिजनों में खासा उत्साह नजर आया। परिवार के लोग अपने परिजनों को विदाई देने स्टेशन पहुंचे। ट्रेन के रवाना होते ही स्टेशन परिसर में भक्ति और उल्लास का माहौल बन गया।

भोजन से लेकर चिकित्सा तक की व्यवस्था

यात्रा को व्यवस्थित बनाने के लिए आईआरसीटीसी और छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की ओर से व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान भोजन, आवास और चिकित्सा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

62 ट्रेनों से 52 हजार से ज्यादा श्रद्धालु कर चुके दर्शन

श्री रामलला तीर्थ दर्शन योजना के तहत प्रदेश के लोगों को लगातार अयोध्या धाम की यात्रा कराई जा रही है। अब तक 62 ट्रेनों के जरिए 52 हजार से अधिक तीर्थयात्री इस योजना का लाभ लेकर श्री रामलला के दर्शन कर चुके हैं।

अम्बिकापुर से रवाना हुई यह ट्रेन इसी कड़ी का हिस्सा है। भारत गौरव ट्रेन 19 सितंबर को वापस लौटेगी।

श्रद्धालुओं ने जताई खुशी

यात्रा पर रवाना श्रद्धालुओं ने काशी और अयोध्या जाने को अपने लिए खुशी और भावुकता का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ और श्री रामलला के दर्शन की उनकी इच्छा इस यात्रा के जरिए पूरी होने जा रही है। श्रद्धालुओं ने राज्य सरकार की ओर से यात्रा के दौरान भोजन, आवास और चिकित्सा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *