रायपुर : कांकेर जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर प्रभारी मंत्री और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने वर्चुअल बैठक ली। बैठक में अभियान के दौरान होने वाले कार्यक्रमों, जनभागीदारी और प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की गई। सांसद भोजराज नाग, विधायक आशाराम नेताम, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी और कलेक्टर कुन्दन कुमार समेत जिले के अधिकारी व जनप्रतिनिधि बैठक से जुड़े।

कलेक्टर ने उप मुख्यमंत्री को अभियान के तहत जिले में प्रस्तावित गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर के बीच होने वाले विभिन्न जनभागीदारी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी साझा की।

बैठक में अरुण साव ने 2 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर स्कूलों में विशेष स्वच्छता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्राथमिक से लेकर उच्चतर माध्यमिक स्तर तक के विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व के बारे में बताया जाए और उन्हें स्वच्छता की शपथ दिलाई जाए।

उप मुख्यमंत्री ने बच्चों को केवल खुद स्वच्छ रहने तक सीमित नहीं रखने, बल्कि अपने आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया। उनका कहना था कि विद्यार्थियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश घर और समाज तक पहुंचाया जा सकता है।

साव ने सेवा संकल्प अभियान के सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान की गतिविधियों को केवल औपचारिक आयोजन न बनाकर जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

बैठक में हस्तशिल्प बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत, कांकेर नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा, जिला पंचायत सीईओ हरेश मण्डावी, अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे सहित जनप्रतिनिधि और अभियान से जुड़े नोडल अधिकारी मौजूद रहे।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत अलग-अलग जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *