रायपुर, राजधानी रायपुर का गोल बाजार गणेश चतुर्थी पर भक्ति और उत्सव के रंग में नजर आया। 117 साल पुरानी गणेशोत्सव परंपरा में शामिल होने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रात में गोल बाजार पहुंचे। उन्होंने हनुमान मंदिर के पास स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
मुख्यमंत्री ने भगवान गणेश को मुकुट पहनाकर तिलक लगाया और आरती की। उन्होंने प्रदेश की तरक्की, सुख-शांति और हर परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने ढोल-नगाड़ों के बीच मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
CM साय ने कहा कि गणपति बप्पा विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं। गणेशोत्सव हमारी आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गोल बाजार की 117 साल पुरानी परंपरा का लगातार जारी रहना अपने आप में गौरव की बात है।
पीढ़ियों से चली आ रही यह परंपरा आज भी लोगों को अपनी संस्कृति से जोड़ रही है। गोल बाजार की गणेश प्रतिमा हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को आकर्षित करती है और पूरे उत्सव के दौरान यहां भक्तिमय माहौल बना रहता है।
गणेश प्रतिमा के दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने गोल बाजार के ही 150 वर्ष से ज्यादा पुराने हनुमान मंदिर में पहुंचकर पूजा की। इस दौरान रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, गणेशोत्सव समिति के पदाधिकारी, व्यापारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।