रायपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष की सेवा और समर्पण के अवसर पर छत्तीसगढ़ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियां तेज हो गई हैं। एक महीने तक चलने वाला यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान जनसेवा, सामाजिक सहभागिता और जनजागरूकता से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान की तैयारियों को लेकर राजस्व एवं जिला प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए धमतरी जिले की समीक्षा की। उन्होंने अभियान को सिर्फ सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसमें आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन ने बताया कि अभियान के लिए टास्क फोर्स समिति बनाई गई है और अलग-अलग विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

धमतरी में 10 लाख दीयों से बनेगा खास माहौल

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। धमतरी में इस दिन करीब 10 लाख दीये जलाने की तैयारी है। मुख्य आयोजन रुद्री के रुद्रेश्वर महादेव मंदिर और महानदी घाट पर होगा।

इसके अलावा सिहावा के कर्णेश्वर महादेव मंदिर, गंगरेल स्थित अंगारमोती माता मंदिर, धमतरी के विंध्यवासिनी माता मंदिर समेत जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। पीएम जनमन आवास, अटल आवास और आम नागरिकों के घरों में भी दीप जलाकर अभियान से लोगों को जोड़ने की तैयारी है।

घर-घर दीप जलाकर जुड़ने की अपील

मंत्री टंकराम वर्मा ने प्रदेशवासियों से 17 सितंबर को अपने घरों में दीप जलाकर सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प में सहभागी बनने की अपील की है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिला समूहों और अन्य सामाजिक वर्गों से भी अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

अधिकारियों को कार्यक्रमों को व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के जरिए सेवा, समर्पण और जनभागीदारी का संदेश प्रदेशभर में पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *