रायपुर : रायगढ़ जिले के आमानारा गांव में पहाड़ी कोरवा परिवारों को राशन नहीं मिलने की शिकायत पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गंभीरता दिखाई है। मुख्यमंत्री ने रायगढ़ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी से फोन पर मामले की जानकारी ली और पात्र परिवारों को तत्काल राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

शिकायत की जांच में मामला सही पाए जाने के बाद संबंधित राशन दुकान को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, प्रभावित परिवारों को राशन मिलने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए उन्हें चिड़ोडी की राशन दुकान से जोड़कर वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पहाड़ी कोरवा समेत विशेष पिछड़ी जनजातियों की बसाहटों में राशन वितरण की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी पात्र परिवार को उसके हक के राशन से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने ई-पॉस मशीन में दर्ज वितरण और हितग्राहियों को वास्तव में मिले राशन का मिलान करने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राशन वितरण में किसी तरह की गड़बड़ी या लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

सीएम साय ने खाद्य विभाग और जिला प्रशासन से यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि आमानारा जैसी स्थिति दोबारा न बने। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाला राशन हर पात्र परिवार तक समय पर और पूरी मात्रा में पहुंचना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दूरस्थ इलाकों और विशेष पिछड़ी जनजातियों के परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। अधिकारियों को संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करते हुए यह सुनिश्चित करना होगा कि किसी भी हितग्राही को अपने अधिकार के लिए परेशानी न उठानी पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *