रायपुर : गरियाबंद के मैनपुर विकासखंड के खामभाठा में निर्माणाधीन पुल को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सख्त रुख अपनाया है। पुल निर्माण में देरी के कारण स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को हो रही परेशानी की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री ने गरियाबंद कलेक्टर से फोन पर पूरे मामले की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने पुल का काम तय समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विकास और जनसुविधा से जुड़े कामों में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। काम की रफ्तार धीमी होने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने खास तौर पर बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कहा कि पुल का निर्माण पूरा होने तक स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को जोखिम उठाकर आवाजाही न करनी पड़े। इसके लिए जिला प्रशासन को तत्काल सुरक्षित और सुविधाजनक वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था करने को कहा गया है।

निर्माण स्थल की सुरक्षा को लेकर भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। खुले सरिए, गड्ढों और अन्य जोखिम वाले स्थानों को सुरक्षित करने के साथ जरूरत के मुताबिक बैरिकेडिंग कराने को कहा गया है।

मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को निर्माणाधीन विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल और दूसरी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े काम समय पर और अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरे होने चाहिए। जहां काम में बाधा आ रही है, वहां उसका तुरंत समाधान कर निर्माण की रफ्तार बढ़ाई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *