रायपुर : राजधानी के जोरा मॉल स्थित सिनेमाघर में गुरुवार को राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सपरिवार फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। इस दौरान मंत्रिपरिषद के सदस्य और विभिन्न निगम-मंडल-आयोगों के अध्यक्ष भी मौजूद रहे।

फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘हनुमान अंश’ को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा से जुड़ी प्रेरणादायी फिल्मों को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचना चाहिए। टैक्स फ्री होने से प्रदेश के दर्शकों, खासकर युवाओं को भारतीय संत परंपरा और उसके जीवन मूल्यों को समझने का अवसर मिलेगा।

सत्य, सेवा और करुणा का संदेश देती है संत परंपरा

CM साय ने कहा कि भारत की संत परंपरा ने हमेशा समाज को सत्य, सेवा, करुणा, प्रेम और आध्यात्मिकता का रास्ता दिखाया है। संतों ने अपने जीवन और आचरण के जरिए मानवता और लोककल्याण का संदेश दिया है। नीम करौली बाबा का जीवन भी इसी परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है और उनका संदेश आज भी प्रासंगिक है।

उन्होंने कहा कि नीम करौली बाबा ने सरल जीवन और सहज विचारों के माध्यम से प्रेम, सेवा और भक्ति का संदेश दिया। उनके विचारों में मानवता और सभी के प्रति समान भाव को विशेष महत्व मिला। उनका जीवन समाज को सकारात्मक दिशा देने की प्रेरणा देता है।

युवाओं को संस्कारों से जोड़ने का माध्यम है सिनेमा

मुख्यमंत्री ने फिल्म के निर्माता, निर्देशक, कलाकारों और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सिनेमा सिर्फ मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि इसके जरिए समाज तक विचार, संस्कार और प्रेरणा भी पहुंचाई जा सकती है। भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत पर आधारित फिल्में नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और मानवीय मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक पहचान उसकी सदियों पुरानी परंपराओं और जीवन मूल्यों से जुड़ी है। सेवा, करुणा, सद्भाव और मानव कल्याण जैसे मूल्यों को आगे बढ़ाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ‘हनुमान अंश’ जैसी फिल्में इन संदेशों को लोगों तक पहुंचाने का अच्छा प्रयास हैं।

नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित है फिल्म

‘हनुमान अंश’ फिल्म नीम करौली बाबा के जीवन, उनकी आध्यात्मिक यात्रा और सेवा-भक्ति के संदेश पर आधारित है। फिल्म देखने के दौरान राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के साथ उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे। मंत्रिपरिषद के सदस्यों और विभिन्न निगम-मंडल-आयोगों के अध्यक्षों समेत अन्य गणमान्य लोगों ने भी फिल्म देखी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *