रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाला ‘सेवा संकल्प अभियान’ सिर्फ सरकारी कार्यक्रमों तक सीमित न रहे, बल्कि जनभागीदारी के जरिए लोगों तक सीधा लाभ पहुंचाने वाला अभियान बने। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, पर्यावरण, रोजगार और सरकारी योजनाओं से जुड़ी गतिविधियों का फायदा अधिक से अधिक लोगों को मिले।

अभियान के दौरान ‘सेवा सेतु’ शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में स्वास्थ्य जांच के साथ पात्र लोगों की पहचान कर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा। लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए मौके पर आवेदन लिए जाएंगे और उनकी डिजिटल मॉनिटरिंग भी होगी। जिन मामलों का तत्काल निराकरण संभव नहीं होगा, उनकी साप्ताहिक समीक्षा कर समाधान कराने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिविर लगने से पहले ही संभावित हितग्राहियों की पहचान कर ली जाए, ताकि उन्हें मौके पर योजनाओं का लाभ दिलाने में परेशानी न हो। वहीं कौशल विकास विभाग के रोजगार मेलों को भी सेवा संकल्प अभियान से जोड़ा जाएगा। इसके जरिए ज्यादा से ज्यादा युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और चयनित युवाओं को शिविरों में नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है।

पोषण और शिक्षा से जुड़ी गतिविधियां भी होंगी: आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन’ के तहत स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता, पौष्टिक थाली, चित्रकला, न्योता भोज और फल-मिठाई वितरण जैसे कार्यक्रम होंगे। पोषण चौपालों में माता-पिता की भागीदारी बढ़ाने पर जोर रहेगा। स्कूलों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं के साथ विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा।

अभियान में रक्तदान, स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त अभियान और वृक्षारोपण जैसी गतिविधियां भी होंगी। ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत 25 से ज्यादा जनसेवा से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। नदी घाटों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण पर भी काम होगा। वहीं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत इस साल प्रदेश में 2.5 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य पूरा करने की तैयारी है।

मुख्यमंत्री साय ने सभी कलेक्टरों और संबंधित विभागों को अभियान की लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता तभी मानी जाएगी, जब इसका असर सीधे लोगों की जिंदगी में दिखाई दे—जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सुविधा मिले, पात्र परिवार सरकारी योजनाओं से जुड़ें, युवाओं को रोजगार मिले और पर्यावरण व स्वच्छता के कामों में आम लोगों की भागीदारी बढ़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *