गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में मिली शिकायत के बाद गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में खनिज विभाग ने अवैध रेत और गिट्टी परिवहन के खिलाफ कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने अलग-अलग इलाकों में जांच के दौरान 8 ट्रैक्टरों को जब्त किया है।
खनिज विभाग के मुताबिक, कार्रवाई जिले में अवैध खनन, उत्खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के साथ ही सीएम हेल्पलाइन से मिली शिकायत का समयबद्ध निराकरण करने के लिए की गई।
इन इलाकों से पकड़े गए ट्रैक्टर
मैदानी जांच के दौरान ग्राम खंता से रेत परिवहन करते 2 ट्रैक्टर, रूमगा से 2, चिचगोहना से 1, कोरजा से 1 और लालपुर से 1 ट्रैक्टर पकड़ा गया। वहीं कोटमी में गिट्टी का अवैध परिवहन करते एक ट्रैक्टर को भी जब्त किया गया।
जब्त किए गए वाहनों को संबंधित पुलिस थानों और चौकी में सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है। इनमें 4 ट्रैक्टर गौरेला थाना, 3 कोटमी चौकी और 1 मरवाही थाना में रखा गया है।
वाहन मालिकों पर होगी कानूनी कार्रवाई
खनिज विभाग ने बताया कि जब्त वाहनों के मालिकों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा मामलों की जांच के साथ आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर प्रशासन की नजर
जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन पर कार्रवाई के साथ प्रशासन सीएम हेल्पलाइन से मिलने वाली शिकायतों के निराकरण पर भी फोकस कर रहा है।
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की गंभीरता से जांच कर उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए। इसी क्रम में खनिज विभाग ने शिकायत मिलते ही मौके पर जांच की और नियमों का उल्लंघन मिलने पर वाहनों को जब्त कर लिया।
अवैध खनिज परिवहन पर जारी रहेगी कार्रवाई
कार्रवाई में सहायक खनि अधिकारी आदित्य मानकर, खनि निरीक्षक सुजीत कंवर, शिवकुमार लहरे, साहिब गनी और सतीश साहू शामिल रहे।
जिला प्रशासन ने कहा है कि जिले में अवैध खनन, उत्खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन ने लोगों से वैध दस्तावेजों के साथ ही खनिजों का परिवहन करने की अपील की है।