शहरभर में दिखा श्रद्धा और सेवा का संगम, मंत्री ने प्रसाद वितरण में भी की सहभागिता

रायगढ़। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर रायगढ़ शहर में श्रद्धा, भक्ति और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों की ओर से जगह-जगह महाभंडारे और निःशुल्क भोजन शिविर आयोजित किए गए। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी इन आयोजनों में शामिल हुए और श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही प्रसाद वितरण में भी सहभागिता की।

इस अवसर पर चौधरी ने कहा कि जन्माष्टमी का पर्व रायगढ़ में पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। रायगढ़ संस्कार, संस्कृति और मूल्यों की राजधानी है, जहां हर पर्व और सनातन परंपरा को श्रद्धा के साथ मनाने की परंपरा रही है।

उन्होंने कहा कि रायगढ़ की खास पहचान यहां की सामाजिक सहभागिता और सेवा भावना है। जन्माष्टमी पर विभिन्न सामाजिक संगठनों और एसोसिएशनों द्वारा आयोजित भंडारे सेवा, समरसता और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं।

वित्त मंत्री ने प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्रीकृष्ण से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *