रायगढ़, रायगढ़ शहर को आधुनिक और बेहतर नागरिक सुविधाओं से युक्त बनाने की दिशा में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने शुक्रवार को शहर की प्रमुख विकास परियोजनाओं का मैराथन निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए अधिकारियों व निर्माण एजेंसियों को काम में तेजी लाने और तय समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

चौधरी ने दूध डेयरी ऑक्सीजोन से निरीक्षण की शुरुआत की। इसके बाद गोवर्धनपुर केलो नदी पुल, खर्राघाट केलो रिवर फ्रंट, नालंदा परिसर, एसईसीएल रोड मरीन ड्राइव, कयाघाट पुल, मिनी स्टेडियम स्केटिंग रिंग, कौहाकुंडा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, स्टेडियम और एफसीआई ऑक्सीजोन सहित विभिन्न परियोजनाओं का जायजा लिया।

रिंग रोड से सुधरेगी यातायात व्यवस्था

वित्त मंत्री ने रिंग रोड परियोजना को रायगढ़ के भविष्य के लिए अहम बताते हुए कहा कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। प्रथम चरण में घरघोड़ा रोड को झारसुगुड़ा रोड से जोड़ने का काम किया जा रहा है। परियोजना पर 400 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने की संभावना है। भविष्य में रायगढ़ से घरघोड़ा तक सड़क को फोरलेन करने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि औद्योगिक शहर रायगढ़ में बढ़ते यातायात, भारी वाहनों, धूल और प्रदूषण जैसी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए बड़े अधोसंरचनात्मक कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।

एक-दो साल में दिखेगा बदलाव

चौधरी ने कहा कि विकास का उद्देश्य सिर्फ निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाना है। सड़कों और पुलों के साथ केलो रिवर फ्रंट, मरीन ड्राइव, ऑक्सीजोन, नालंदा परिसर और खेल सुविधाओं जैसी परियोजनाओं से शहर के स्वरूप को नया आयाम मिलेगा।

उन्होंने कहा कि आने वाले एक-दो वर्षों में रायगढ़ के विकास की तस्वीर जमीन पर स्पष्ट रूप से दिखाई देगी। अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग, गुणवत्ता मानकों के पालन और परियोजनाओं में आने वाली बाधाओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, इंजीनियर और निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *