रायपुर, , उप मुख्यमंत्री अरुण साव लोरमी के मानस मंच में सर्व यादव समाज एवं यदुवंशी सेना द्वारा आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव में शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। इसके बाद भव्य शोभायात्रा में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद लिया।
उत्सव को संबोधित करते हुए साव ने कहा कि यादव समाज सनातन संस्कृति और परंपराओं की मजबूत पहचान है। समाज राउत नाचा जैसी समृद्ध लोक परंपराओं को सहेजकर आगे बढ़ा रहा है। जन्माष्टमी का पर्व हमें प्रेम, एकजुटता और उल्लास के साथ अपनी संस्कृति से जुड़े रहने का संदेश देता है।
कार्यक्रम के दौरान मानस मंच से बाइक रैली निकाली गई, जो शिवपाट और लोरमी शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। इसके बाद शीतला मंदिर बाजारपारा से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। मानस मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छत्तीसगढ़ रत्न लोकगायिका आरु साहू ने शानदार प्रस्तुति दी। ‘महादेव तांडव’ रोड शो और बाइक रैली भी आकर्षण का केंद्र रहे।
रक्तदान शिविर में लोगों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
जन्माष्टमी के अवसर पर सर्व यादव समाज लोरमी की ओर से निःशुल्क रक्तदान शिविर भी लगाया गया। समाज के सदस्यों सहित अन्य लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष सुजीत वर्मा, उपाध्यक्ष डॉ. अशोक जायसवाल, जनपद पंचायत अध्यक्ष वर्षा सिंह सहित यादव समाज, यदुवंशी सेना के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।