रायपुर : छत्तीसगढ़ में सरकारी विभागों के रिक्त पदों को भरने और भर्ती प्रक्रिया को गति देने की दिशा में सरकार ने कवायद तेज कर दी है। मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन में सभी विभागों के भारसाधक सचिवों के साथ उच्च स्तरीय बैठक कर विभागवार रिक्त पदों और भर्ती प्रक्रिया की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की।
बैठक में प्रत्येक विभाग में स्वीकृत, भरे और रिक्त पदों का ब्योरा लिया गया। मुख्य सचिव ने अधिकारियों से रिक्त पदों को भरने के लिए अब तक की गई कार्रवाई और आगे की प्रक्रिया को लेकर भी जानकारी ली।
व्यापमं की भर्ती परीक्षाओं और मांग पत्रों की प्रगति पर चर्चा
मुख्य सचिव ने छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (व्यापमं) के माध्यम से चल रही भर्ती परीक्षाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से व्यापमं को भेजे गए इंडेंट यानी भर्ती मांग पत्रों की प्रगति की भी समीक्षा की।
इसके अलावा वित्त विभाग से रिक्त पदों को भरने के लिए मिली सहमति, पहले विज्ञापित किए जा चुके पदों की स्थिति और अब तक हुई नियुक्तियों का भी ब्योरा अधिकारियों से लिया गया।
2027 में किन पदों पर हो सकती है भर्ती, इस पर भी मंथन
बैठक में आने वाले वर्ष 2027 में सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा अधिसूचित किए जाने वाले संभावित पदों को लेकर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही सभी विभागों में भर्ती नियमों को अपडेट करने की स्थिति की समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने भर्ती नियमों को समय के अनुरूप अद्यतन रखने और भर्ती प्रक्रिया में अनावश्यक देरी को दूर करने पर जोर दिया, ताकि जरूरत के अनुसार विभागों में रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जा सकें।
भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने पर सरकार का फोकस
बैठक का मुख्य फोकस सरकारी विभागों में खाली पदों को भरने की प्रक्रिया को तेज करना, भर्ती नियमों को अपडेट करना और आने वाले वर्षों के लिए भर्ती की स्पष्ट योजना तैयार करना रहा। इससे विभिन्न विभागों में मानव संसाधन की जरूरतों के अनुसार भर्ती प्रक्रिया को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।
बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव ऋर्चा शर्मा, गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सिंह, नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चम्पावत, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, मुख्यमंत्री एवं खनिज विभाग के सचिव पी. दयानंद, कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और छत्तीसगढ़ चयन मंडल के पदाधिकारी मौजूद रहे।