रायपुर : राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय (KTयू) में शनिवार को खेलों का रंग देखने को मिला। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ कुलपति, कुलसचिव, प्राध्यापकों और कर्मचारियों ने भी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. मनोज दयाल ने कहा कि खेल सिर्फ शरीर और दिमाग को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि मुश्किल परिस्थितियों में भी आखिरी क्षण तक संघर्ष करते रहने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि मैदान में हार-जीत से ज्यादा महत्वपूर्ण संघर्ष करते रहना और सकारात्मक सोच बनाए रखना है।
कुलपति ने कहा कि खेलों के जरिए विद्यार्थियों में टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, धैर्य, उत्साह और आपसी समन्वय जैसे गुण विकसित होते हैं। ये गुण पढ़ाई और करियर के साथ-साथ रोजमर्रा की जिंदगी में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
पारंपरिक खेलों के साथ दिखा नया अंदाज
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में कई तरह की पारंपरिक और नवाचारी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने ‘ओंकार दौड़’, ‘केंद्र कबड्डी’, ‘नेताजी की पहचान’, ‘मत चूको चौहान’, ‘शेर-आदमी-बंदूक’ और ‘सुदर्शन चक्र’ जैसी प्रतियोगिताओं में उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
इन खेलों के दौरान विद्यार्थियों के बीच प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ टीमवर्क और मनोरंजन का माहौल भी देखने को मिला। विश्वविद्यालय के शिक्षक और कर्मचारी भी प्रतियोगिताओं में शामिल हुए और विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम में कुलपति प्रो. डॉ. मनोज दयाल, कुलसचिव सुनील शर्मा, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित इस आयोजन ने विश्वविद्यालय परिसर में खेल और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माहौल बनाया।