रायपुर : राज्यपाल रमेन डेका ने शनिवार को बलौदाबाजार विकासखंड के ग्राम चाम्पा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में नवनिर्मित सभाकक्ष का लोकार्पण किया। इस दौरान आयोजित सम्मान समारोह में उन्होंने वरिष्ठ शिक्षकों, मेधावी विद्यार्थियों, PAT में चयनित छात्रों और रोजगार हासिल करने वाले युवाओं को सम्मानित किया।

राज्यपाल ने विद्यार्थियों को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि जीवन में लक्ष्य हासिल करने के लिए जुनून जरूरी है, लेकिन उसे सफलता में बदलने के लिए लगातार मेहनत करनी पड़ती है। उन्होंने छात्रों से असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ने की अपील की।

सभाकक्ष से बढ़ेंगी विद्यार्थियों की गतिविधियां

राज्यपाल ने कहा कि विद्यालय में बना नया सभाकक्ष विद्यार्थियों के लिए उपयोगी साबित होगा। यहां सांस्कृतिक, शैक्षणिक और ज्ञानवर्धक गतिविधियों को बेहतर तरीके से आयोजित किया जा सकेगा। उन्होंने शिक्षकों से भी कहा कि वे अपने व्यवहार और कार्यशैली के जरिए विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनें।

नई शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि वर्तमान शिक्षा व्यवस्था विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रखती, बल्कि कौशल विकास और विषयों में विशेषज्ञता हासिल करने के अवसर भी देती है।

मोबाइल और सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर दी सलाह

राज्यपाल ने विद्यार्थियों को मोबाइल और सोशल मीडिया के अत्यधिक इस्तेमाल से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक और AI सुविधाजनक साधन हैं, लेकिन इनका जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल रचनात्मकता और आत्ममंथन को प्रभावित कर सकता है। छात्रों को तकनीक का उपयोग अपनी पढ़ाई और ज्ञान बढ़ाने के लिए संतुलित तरीके से करना चाहिए।

रोजगार पाने वाले 9 युवाओं का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान ‘हम होंगे कामयाब’ योजना के तहत रोजगार हासिल करने वाले 9 युवाओं को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही 10वीं और 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों तथा PAT में चयनित छात्रों को भी सम्मान मिला।

सम्मानित होने वालों में 12वीं की स्टेट टॉपर जिज्ञासु वर्मा, साक्षी वर्मा, 10वीं के अमित कुमार टंडन तथा PAT चयनित प्रवीण डहरिया, ममता साहू और मयंक वर्मा शामिल रहे। शिक्षक एवं शिक्षाविद एस.एम. पाध्ये, डॉ. निशा झा, डॉ. डी.एन. राय और भूषण धुरंधर को भी सम्मानित किया गया।

मां की स्मृति में लगाया अमलताश का पौधा

राज्यपाल रमेन डेका ने अपनी स्वर्गीय माता चम्पावती डेका की स्मृति में विद्यालय परिसर में अमलताश का पौधा लगाया। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया।

कार्यक्रम के दौरान ‘बिहान’ योजना से जुड़ी आजीविका दीदियों ने अपने उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई। राज्यपाल ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान दीदियों ने धान और चावल के बीजों से तैयार हस्तनिर्मित राखी राज्यपाल को बांधी, जिसकी उन्होंने सराहना की।

कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *