ब्रेकिंग न्यूज़

रायपुर : बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं। उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात कर जिले में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को लेकर विस्तार से चर्चा की और जल्द स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया। केंद्रीय मंत्री ने इस विषय पर जल्द आवश्यक निर्णय लेने का आश्वासन दिया है।

मुलाकात के दौरान मंत्री वर्मा ने बताया कि बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना लंबे समय से क्षेत्रवासियों की मांग रही है। इससे स्थानीय विद्यार्थियों को अपने ही जिले में राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। वर्तमान में बेहतर शिक्षा के लिए विद्यार्थियों को बड़े शहरों और अन्य जिलों का रुख करना पड़ता है।

मंत्री वर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को लेकर केंद्र सरकार के स्तर पर सकारात्मक चर्चा हुई है और जल्द निर्णय का आश्वासन मिलना जिले के लिए उत्साहजनक है।

राज्य सरकार द्वारा प्रस्तावित विद्यालय के संचालन के लिए शुरुआती चरण में अस्थायी भवन की व्यवस्था करने के साथ भविष्य में स्थायी भवन निर्माण के लिए भूमि चिन्हित एवं आरक्षित करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से जिले के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर मिलने के साथ क्षेत्र के शैक्षणिक विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *