रायपुर : कांकेर जिला मुख्यालय में जिला स्तरीय बहुउद्देश्यीय स्टेडियम के निर्माण के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने 7 करोड़ 60 लाख 34 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी है। क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत सिंगारभाट स्टेडियम की चिन्हित भूमि पर 4 हजार दर्शक क्षमता वाले स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद राज्य शासन ने राशि स्वीकृति का आदेश जारी कर दिया है। प्रस्तावित स्टेडियम में 400 मीटर 8-लेन सिंथेटिक रनिंग ट्रैक, मिनी जिम, महिला एवं पुरुष शौचालय, सीसी रोड, आरसीसी ड्रेन और ओपन स्टेज जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
उप मुख्यमंत्री साव ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि निर्माण में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता पाए जाने पर जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने निर्माण कार्य की निविदा निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने और प्राक्कलन के अनुरूप मितव्ययिता के साथ कार्य कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही निर्माण एजेंसी को अनुबंधित समय-सीमा में काम पूरा करने तथा अनावश्यक समय-वृद्धि से बचने को कहा गया है।
अपरिहार्य परिस्थितियों में ही सक्षम अधिकारी द्वारा समय-सीमा बढ़ाई जा सकेगी। निर्धारित अवधि से अधिक समय लगने की स्थिति में नियमानुसार अर्थदंड लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं। नए बहुउद्देश्यीय स्टेडियम के निर्माण से कांकेर में खेल सुविधाओं को मजबूती मिलने के साथ खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अभ्यास का अवसर मिलेगा।