रायपुर : सूरजपुर जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय और हर्षोल्लासपूर्ण माहौल में मनाया गया। स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत की सामूहिक प्रस्तुति से पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का प्रदेशवासियों के नाम संदेश पढ़कर सुनाया और जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने रंग-बिरंगे गुब्बारे और शांति के प्रतीक सफेद कबूतर उड़ाकर राष्ट्रीय एकता, शांति, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया।
समारोह में 13 प्लाटूनों ने शानदार मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। परेड में जवानों और विभिन्न दलों की अनुशासित प्रस्तुति ने लोगों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान मंत्री राजवाड़े ने शहीद जवानों के परिजनों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। वहीं विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
देशभक्ति के रंग में रंगा सांस्कृतिक कार्यक्रम
स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, पीएम स्वामी आत्मानंद स्कूल, ग्लोबल पब्लिक स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर और कला केंद्र सूरजपुर के विद्यार्थियों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं।
सांस्कृतिक प्रतियोगिता में पीएम स्वामी आत्मानंद विद्यालय नवापारा सूरजपुर ने प्रथम स्थान हासिल किया। पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास सूरजपुर ने द्वितीय और कला केंद्र सूरजपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों को मुख्य अतिथि मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
समारोह में वन विकास निगम अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणी पैकरा, नगर पालिका अध्यक्ष कुसुमलता राजवाड़े सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा कलेक्टर रेना जमील, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, डीएफओ डी.पी. साहू, जिला पंचायत सीईओ विजेन्द्र पाटले सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।