रायपुर : जगदलपुर के ऐतिहासिक लालबाग मैदान में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और राष्ट्रभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी और परेड का निरीक्षण करते हुए आकर्षक मार्चपास्ट की सलामी ली। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का स्वतंत्रता दिवस संदेश भी जनता के नाम पढ़कर सुनाया।
समारोह के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शहीद परिवारों और भूतपूर्व सैनिकों से मुलाकात कर उनका सम्मान किया। उन्होंने नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।
16 प्लाटूनों ने किया शानदार मार्चपास्ट
स्वतंत्रता दिवस समारोह में परेड कमांडर उप पुलिस अधीक्षक प्रवीण भारती और परेड टू-आईसी उप निरीक्षक ओम प्रकाश के नेतृत्व में 16 प्लाटूनों ने बैंड की धुन पर शानदार मार्चपास्ट किया। शस्त्र सहित दलों की श्रेणी में सीआरपीएफ 241वीं महिला बटालियन, सेड़वा ने पहला स्थान हासिल किया। सीआरपीएफ 80वीं पुरुष बटालियन, कैंप जगदलपुर दूसरे और जिला नगर सेना महिला बल, बस्तर तीसरे स्थान पर रहा।
शस्त्र रहित दलों में एनसीसी पीएम सेजेस जूनियर डिवीजन, धरमपुरा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पीजी कॉलेज धरमपुरा-02 को द्वितीय और एनसीसी सेजेस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, जूनियर विंग, जगदलपुर को तृतीय स्थान मिला। अन्य प्रतिभागी दलों को भी सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
देशभक्ति से रंगा सांस्कृतिक कार्यक्रम
समारोह में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। माता रुक्मणी कन्या आश्रम डिमरापाल, संस्कार द गुरुकुल चिड़ईपदर, निर्मल हायर सेकेंडरी स्कूल, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय जगदलपुर और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तितिरगांव के विद्यार्थियों ने शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
सांस्कृतिक प्रतियोगिता में माता रुक्मणी कन्या आश्रम डिमरापाल ने प्रथम स्थान हासिल किया। संस्कार द गुरुकुल चिड़ईपदर को द्वितीय और निर्मल हायर सेकेंडरी स्कूल को तृतीय स्थान मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने हिस्सा लेकर देशभक्ति के इस आयोजन को उत्साह के साथ देखा।
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, महापौर संजय पाण्डेय, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष दिनेश कश्यप सहित जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन, पुलिस एवं वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।