रायपुर : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने जगदलपुर स्थित अमर वाटिका पहुंचकर बस्तर के वीर जवानों और शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने वीरता पदक से अलंकृत पुलिस जवानों का सम्मान करते हुए कहा कि सुरक्षा बलों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान ने बस्तर के इतिहास को नई दिशा दी है। नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में मिली सफलताओं के पीछे जवानों का समर्पण और दृढ़ संकल्प महत्वपूर्ण रहा है।
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि बस्तर के कठिन और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बलों के जवान आईईडी जैसे गंभीर खतरों के बीच भी पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्य का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य गठन के 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ पुलिस के 141 जवानों को गैलेंट्री अवार्ड मिलना उनके अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि बस्तर के उन दूरस्थ इलाकों में भी अब राष्ट्रीय पर्वों पर तिरंगा लहराया जा रहा है, जहां पहले ऐसा संभव नहीं था। इस वर्ष 93 नए स्थानों पर तिरंगा फहराया गया, जो सुरक्षा, लोकतंत्र और स्थानीय लोगों के बढ़ते विश्वास का प्रतीक है। शर्मा ने कहा कि बस्तर में लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत होती नींव जवानों के पराक्रम और जनता के सहयोग का परिणाम है।
210 नक्सलियों का हथियारों के साथ आत्मसमर्पण बड़ी उपलब्धि
उप मुख्यमंत्री ने अगस्त 2025 में जगदलपुर में हुए बड़े आत्मसमर्पण का उल्लेख करते हुए कहा कि 210 नक्सलियों का 163 हथियारों के साथ आत्मसमर्पण शांति और पुनर्वास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह सुरक्षा बलों के दृढ़ संकल्प और बस्तर में शांति स्थापित करने की दिशा में लगातार किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है।
विजय शर्मा ने कहा कि सरकार बस्तर के जल, जंगल और संस्कृति को संरक्षित रखते हुए यहां के बच्चों को आधुनिक शिक्षा और तकनीक से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। जिन इलाकों में कभी बुनियादी सुविधाओं की कमी थी, वहां अब विकास की नई संभावनाएं तैयार हो रही हैं। टेकुलगुड़ा जैसे क्षेत्रों में सुरक्षा कैंपों को ‘शहीद वीर गुंडाधूर सेवा डेरा’ के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप स्कूल, अस्पताल, आंगनबाड़ी और कौशल विकास केंद्र जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में शांति, विकास और लोकतंत्र की दिशा में सकारात्मक बदलाव लगातार दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने सुरक्षा बलों के जवानों और अधिकारियों के साथ स्थानीय जनता के योगदान की भी सराहना की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अमर जवान शहीद स्मारक और शहीदों की स्मरण पट्टिका पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में महापौर संजय पांडेय, सहकारी बैंक अध्यक्ष दिनेश कश्यप, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी बद्री नारायण मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित जनप्रतिनिधि, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और जवान मौजूद रहे।