रायपुर : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के कचहरी चौक स्थित ऐतिहासिक टाउन हॉल में जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित सात दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी विद्यार्थियों और आम नागरिकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान, वीर सेनानियों के शौर्य और बलिदान के साथ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्षों की गौरवशाली यात्रा को तस्वीरों और ऐतिहासिक दस्तावेजों के जरिए प्रदर्शित किया गया है।

इसी क्रम में बी.पी. पुजारी गवर्नमेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल, राजातालाब रायपुर के विद्यार्थियों ने शिक्षकों के साथ प्रदर्शनी का अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने ऐतिहासिक छायाचित्रों, दस्तावेजों और प्रदर्शित सामग्री को उत्सुकता के साथ देखा और स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों की जानकारी हासिल की। विभागीय अधिकारियों ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण से भी परिचित कराया।

प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण ‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा पर आधारित विशेष खंड है। इसमें राष्ट्रगीत की रचना से लेकर स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान राष्ट्रजागरण में इसकी भूमिका को ऐतिहासिक संदर्भों और छायाचित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। प्रदर्शनी यह संदेश देती है कि देश की आजादी संघर्ष, त्याग, एकजुटता और राष्ट्रप्रेम की लंबी यात्रा का परिणाम है।

छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और जननायकों के योगदान को भी प्रदर्शनी में विशेष स्थान दिया गया है। दुर्लभ छायाचित्रों, दस्तावेजों और ऐतिहासिक प्रसंगों के माध्यम से प्रदेश के वीर सपूतों के संघर्ष और बलिदान को सामने लाया गया है। महात्मा गांधी के छत्तीसगढ़ प्रवास और प्रदेश में हुए सामाजिक एवं राष्ट्रीय आंदोलनों से जुड़े प्रसंग भी विद्यार्थियों के लिए खास आकर्षण बने।

प्रदर्शनी में स्वतंत्रता संग्राम की गौरवगाथा के साथ वर्तमान छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा को भी दर्शाया गया है। महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं के जरिए आम लोगों के जीवन में आए बदलावों की तस्वीर प्रस्तुत की गई है। साथ ही डिजिटल पंजीयन, सुशासन तिहार, हरित छत्तीसगढ़ और आधुनिक अधोसंरचना के विकास की झलक भी दिखाई गई है।

आधुनिक तकनीक और छत्तीसगढ़ की विरासत का संगम भी प्रदर्शनी में देखने को मिल रहा है। एआई आधारित पहल के जरिए आगंतुक प्रदेश के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों की पृष्ठभूमि के साथ अपनी डिजिटल तस्वीर तैयार करा सकते हैं। बच्चों और युवाओं में इसे लेकर खास उत्साह देखा जा रहा है। इसके अलावा विकास यात्रा और जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन भी किया जा रहा है।

कचहरी चौक स्थित ऐतिहासिक टाउन हॉल में यह प्रदर्शनी 15 से 21 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से रात 8 बजे तक आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी के माध्यम से नई पीढ़ी को देश की स्वतंत्रता के संघर्ष, छत्तीसगढ़ के वीर सेनानियों के योगदान और प्रदेश की वर्तमान विकास यात्रा को एक ही मंच पर जानने का अवसर मिल रहा है।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *