रायपुर : छत्तीसगढ़ के कॉलेजों में दाखिले से वंचित रह गए विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। उच्च शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कॉलेजों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त 20

26 कर दी है। जिन शासकीय और निजी महाविद्यालयों में सीटें रिक्त हैं, वहां विद्यार्थी निर्धारित अवधि तक प्रवेश ले सकेंगे।

उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने इसे छात्रहित में लिया गया महत्वपूर्ण फैसला बताया है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा का प्रकाश पहुंचाना है। दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के कई मेधावी विद्यार्थी विभिन्न व्यावहारिक कारणों से समय पर प्रवेश नहीं ले पाए थे। ऐसे में सरकार नहीं चाहती कि केवल प्रवेश की समय-सीमा के कारण किसी विद्यार्थी का एक साल खराब हो या वह उच्च शिक्षा से वंचित रह जाए।

मंत्री वर्मा ने विद्यार्थियों से अपील की है कि प्रवेश के लिए बढ़ाई गई समय-सीमा का पूरा लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और उच्च शिक्षा तक विद्यार्थियों की पहुंच आसान बनाने के लिए लगातार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिन कॉलेजों में अभी सीटें रिक्त हैं, वहां विद्यार्थी 31 अगस्त तक दाखिला ले सकेंगे। इससे उन छात्रों को विशेष राहत मिलेगी, जो किसी कारणवश निर्धारित समय में आवेदन या प्रवेश की प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए थे।

इससे पहले प्रवेश के लिए प्राचार्य स्तर पर अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित थी, जबकि कुलपति की अनुमति से प्रवेश की समय-सीमा 14 अगस्त 2026 तक रखी गई थी। निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद भी कई महाविद्यालयों में सीटें खाली रह गई थीं।

दूर-दराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों की परेशानी और कॉलेजों में रिक्त सीटों को देखते हुए राज्य सरकार ने प्रवेश की तारीख बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब विद्यार्थियों के पास उच्च शिक्षा में प्रवेश लेने का एक और अवसर है। सरकार के इस फैसले से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *