रायपुर : बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड अंतर्गत ग्राम कड़ार में 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि केवल भौतिक प्रगति ही विकास नहीं है, बल्कि अपनी समृद्ध परंपरा, संस्कृति और मानवीय मूल्यों को सहेजकर आगे बढ़ना ही सच्चा विकास है।
मंत्री वर्मा ने डॉ. खूबचंद बघेल और स्वामी आत्मानंद महाराज जैसी महान विभूतियों को याद करते हुए कहा कि दुनिया में लाखों लोग जन्म लेते हैं, लेकिन अमर वही होते हैं जो अपने सत्कर्मों से समाज के निर्माण में योगदान देते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ निर्माण का सपना लंबे संघर्ष के बाद साकार हुआ और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में वर्ष 2000 में अलग छत्तीसगढ़ राज्य अस्तित्व में आया।
उन्होंने कहा कि राज्य बनने के बाद छत्तीसगढ़ ने विकास के क्षेत्र में लंबी छलांग लगाई है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अधोसंरचना के क्षेत्र में लगातार काम हो रहा है। प्रदेश की खनिज संपदा और राजस्व का उपयोग अब छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास के लिए किया जा रहा है। गांवों में भी बुनियादी सुविधाओं की पहुंच बढ़ी है और लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है।
मंत्री वर्मा ने सामाजिक बदलाव का उल्लेख करते हुए कहा कि कभी पूरी तरह कृषि पर निर्भर समाज आज व्यापार, व्यवसाय और रोजगार के नए क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। लोगों की क्रय शक्ति और जीवन स्तर में वृद्धि हुई है। गांव-गांव में स्कूल, हायर सेकेंडरी विद्यालय और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। हालांकि उन्होंने कहा कि इस भौतिक प्रगति के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों को सुरक्षित रखना भी उतना ही जरूरी है।
उन्होंने कहा कि आधुनिकता के दौर में पारिवारिक संबंधों और आपसी प्रेम की भावना पर प्रभाव पड़ रहा है। इसलिए नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपरा और संस्कारों से जोड़ना जरूरी है। समाज में भाईचारा, संवेदनशीलता और एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े होने की भावना बनी रहनी चाहिए। यही विकास को वास्तविक अर्थ देता है।
कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि वरिष्ठ नेताओं का अनुभव और मार्गदर्शन समाज व संगठन के लिए महत्वपूर्ण है। उनके जीवन से सीख लेकर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ निर्माण के बाद प्रदेश ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है और दूर-दराज के क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाओं की पहुंच से आम लोगों का जीवन पहले से अधिक सुगम हुआ है। कार्यक्रम में क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, सरपंच ब्रजेश दुबे सहित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।