रायपुर : सरगुजा के ग्रामीण इलाकों से शैक्षणिक भ्रमण पर रायपुर पहुंचे मेधावी छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके निवास कार्यालय में मुलाकात की। अंबिकापुर क्षेत्र के सात शासकीय स्कूलों से आए करीब 50 विद्यार्थियों से मुख्यमंत्री ने बातचीत की और उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के सपनों के बारे में जाना। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य तय करने और उन्हें हासिल करने के लिए मेहनत व अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की नींव तैयार करने का सबसे अहम समय होता है। इसी दौरान देखा गया सपना और उसे पूरा करने के लिए की गई मेहनत आगे की राह तय करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपनी क्षमता को पहचानें, लक्ष्य तय करें और उसे पाने के लिए लगातार प्रयास करते रहें। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री साय ने विद्यार्थियों से कहा कि सफलता का मतलब केवल डॉक्टर या इंजीनियर बनना नहीं है। आज शिक्षा, विज्ञान, रिसर्च, खेल, तकनीक, प्रशासन और उद्यमिता समेत हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचि के अनुसार क्षेत्र चुनने और उसमें बेहतर करने की कोशिश करने को कहा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की विभिन्न प्रतिभाओं और सफल लोगों के प्रेरक प्रसंग भी विद्यार्थियों के साथ साझा किए।

ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को बड़े शिक्षण संस्थानों से जोड़ने के लिए आयोजित इस शैक्षणिक भ्रमण की मुख्यमंत्री ने सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे भ्रमण विद्यार्थियों की सोच को व्यापक बनाते हैं और उन्हें भविष्य की संभावनाओं को करीब से समझने का मौका देते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने भी विद्यार्थियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन पूरे जीवन की मजबूत नींव तैयार करता है। इस दौरान अनुशासन, मेहनत और समय का सही उपयोग भविष्य में बड़ी भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य को पहचानने, ज्ञान हासिल करने और व्यक्तित्व विकास पर ध्यान देने की अपील की।

शैक्षणिक भ्रमण में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कनकालों, बकिरमा, सुखरी, रामपुर, मेंड्राकला और करजी तथा शासकीय सेजेस केशवपुर के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने नवा रायपुर स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM), ट्रिपल आईटी, ट्राइबल म्यूजियम और छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग कार्यालय सहित विभिन्न संस्थानों और प्रमुख स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्हें उच्च शिक्षा, तकनीकी अध्ययन और करियर की संभावनाओं के बारे में जानकारी मिली। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर, जिला पंचायत सदस्य पायल सिंह तोमर, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *