रायपुर : छत्तीसगढ़ राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (CGSDMA) में शुक्रवार को राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) के अधिकारियों के साथ संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित बैठक में राज्य में मानसून के दौरान संभावित आपदाओं से निपटने की तैयारियों, आपदा जोखिम न्यूनीकरण और राहत-बचाव व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव शम्मी आबिदी ने अधिकारियों को राज्य में बाढ़, अतिवृष्टि, आकाशीय बिजली और भूस्खलन जैसी मौसमी आपदाओं से निपटने के लिए की गई तैयारियों की जानकारी दी। बैठक में राज्य एवं जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों की कार्यप्रणाली और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय व्यवस्था पर भी चर्चा की गई।
बैठक में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और जिला प्रशासन के बीच त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। साथ ही ‘सचेत’ प्लेटफॉर्म और सेल ब्रॉडकास्ट आधारित अलर्ट सिस्टम के प्रभावी उपयोग की समीक्षा की गई, ताकि आपदा की स्थिति में लोगों तक समय पर चेतावनी पहुंचाई जा सके।
एनडीएमए के संयुक्त सलाहकार संजीव सही ने राज्य में संचालित आपदा प्रबंधन गतिविधियों में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सहयोग की जानकारी दी। बैठक में मॉक एक्सरसाइज, क्षमता निर्माण, सामुदायिक जागरूकता और संसाधनों की उपलब्धता पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
अधिकारियों ने आगामी मानसून को देखते हुए संवेदनशील जिलों में बेहतर समन्वय, पूर्व तैयारी और त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल बढ़ाने और किसी भी आपदा की स्थिति में प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।