रायपुर : वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने रायगढ़ प्रवास के दौरान नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता ऐसे विकास कार्यों को धरातल पर उतारना है, जिनका सीधा लाभ आम नागरिकों को मिले और रायगढ़ को आधुनिक, सुविधायुक्त एवं सुव्यवस्थित शहर के रूप में विकसित किया जा सके।

वित्त मंत्री ने वार्ड क्रमांक-28 पंजरी प्लांट में 33 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन एवं शासकीय स्कूल की बाउंड्रीवाल निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। वहीं वार्ड क्रमांक-9 नवागढ़ी में 8 लाख रुपये की लागत से निर्मित शेड का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से स्थानीय नागरिकों को सामुदायिक गतिविधियों, शिक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध होगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ओपी चौधरी ने कहा कि रायगढ़ के समग्र विकास के लिए सरकार योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि आने वाले वर्षों में शहर में 10 ऑक्सीजोन विकसित किए जाएंगे, जिससे हरित क्षेत्र बढ़ेगा और लोगों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिलेगा। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर स्वास्थ्य, व्यायाम और मनोरंजन से जुड़ी सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि शहर में लगभग 600 करोड़ रुपये की लागत से रिंग रोड निर्माण की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा नालंदा परिसर, नर्सिंग कॉलेज और फिजियोथेरेपी कॉलेज की स्थापना पर भी काम चल रहा है, जिससे विद्यार्थियों और युवाओं को शिक्षा एवं रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि रायगढ़ में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है ताकि लोगों को दूसरे शहरों पर निर्भर न रहना पड़े।

पंजरी प्लांट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ने उपभोक्ता फोरम के पास ऑक्सीजोन और ओपन जिम विकसित करने की घोषणा भी की। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने की अपील की।

इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *