रायपुर : बाढ़ आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों को मजबूत करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) ने शुक्रवार को मंत्रालय महानदी भवन में राज्य स्तरीय कॉन्फ्रेंस आयोजित की। इसमें प्रदेश के सभी जिलों के आपदा प्रबंधन नोडल अधिकारियों को बाढ़ की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों के संचालन के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया।
कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि राज्य में बाढ़ आपदा प्रबंधन की तैयारियों का आकलन करने के लिए 18 अगस्त को राज्य स्तरीय टेबल टॉप एक्सरसाइज और 20 अगस्त को व्यापक मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। इन अभ्यासों के माध्यम से विभिन्न विभागों की तैयारियों, समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण किया जाएगा।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव शम्मी आबिदी ने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे टेबल टॉप एक्सरसाइज की सभी प्रक्रियाओं को गंभीरता से समझें और उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि वास्तविक बाढ़ की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों के लिए इस तरह का अभ्यास बेहद महत्वपूर्ण है।
बैठक में बाढ़ आपदा के दौरान स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, लोक निर्माण, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पशुपालन सहित विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और उनकी जिम्मेदारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। राहत, बचाव और आपातकालीन प्रबंधन को लेकर विभागवार कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई।
बैठक में नगर सेना, अग्निशमन एवं नागरिक सुरक्षा, SDRF, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (पुलिस मुख्यालय), रायपुर मंडल रेल प्रबंधक, NDRF, स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, विज्ञान केंद्र, दूरसंचार तथा राज्य शासन के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।