रायपुर : गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिला 18 से 21 अगस्त तक आयोजित होने वाली 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों से 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के करीब 540 खिलाड़ी हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता में जिम्नास्टिक (बालक एवं बालिका), क्रिकेट (बालक), ताईक्वांडो (बालक एवं बालिका) तथा कबड्डी (बालिका) की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। आयोजन का उद्देश्य प्रदेश की उभरती खेल प्रतिभाओं को बड़ा मंच उपलब्ध कराना और खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर विजय दयाराम के. ने समीक्षा बैठक लेकर सभी विभागों को समयबद्ध और समन्वित तरीके से व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
खिलाड़ियों के आवास, भोजन, परिवहन, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन तथा उद्घाटन एवं समापन समारोह की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। प्रशासन का लक्ष्य खिलाड़ियों और अधिकारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
राज्य सरकार का मानना है कि शालेय स्तर की खेल प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर प्रदान करती हैं। यह आयोजन जीपीएम जिले को प्रदेश के प्रमुख खेल आयोजनों के सफल मेजबान के रूप में नई पहचान भी दिलाएगा।