रायपुर : छत्तीसगढ़ सरकार ने बेमेतरा जिले के नांदघाट से मुंगेली जिला मुख्यालय तक टू-लेन सड़क को फोरलेन में उन्नत करने के लिए 21 करोड़ 81 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की है। इस राशि से 36.40 किलोमीटर लंबी सड़क का फोरलेन निर्माण किया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद मंत्रालय से प्रमुख अभियंता को राशि स्वीकृति का परिपत्र जारी कर दिया गया है।

उप मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता की नियमित निगरानी की जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

लोक निर्माण विभाग ने प्रमुख अभियंता को समय-सीमा के भीतर निविदा प्रक्रिया पूरी करने, निर्माण कार्य में मितव्ययिता बरतने और अनुबंधित अवधि में परियोजना पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं।

विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि कार्य की समय-सीमा में अनावश्यक बढ़ोतरी नहीं की जाएगी। केवल अपरिहार्य और नियंत्रण से बाहर की परिस्थितियों में ही सक्षम अधिकारी समय-वृद्धि की अनुमति देंगे। नियमानुसार समय-विस्तार की स्थिति में अर्थदंड लगाने के भी निर्देश जारी किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *