रायगढ़ : छत्तीसगढ़ में सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेह प्रशासन को मजबूत करने की दिशा में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन आम नागरिकों के लिए एक प्रभावी माध्यम बनकर उभर रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित इस व्यवस्था के जरिए लोगों की समस्याओं का त्वरित और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
राज्य सरकार का उद्देश्य है कि नागरिकों को सरकारी सेवाओं का लाभ बिना किसी अनावश्यक परेशानी के आसानी से उपलब्ध हो और उनकी शिकायतों का प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जाए।
ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ी शिकायतों पर परिवहन विभाग ने की त्वरित कार्रवाई
रायगढ़ जिले में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ी शिकायतों का प्रभावी समाधान किया गया। जिले के रुद्रा बेहरा, विश्वनाथन मोहन राव और इलियास लोमगा ने लाइसेंस संबंधी समस्याओं को लेकर हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत प्राप्त होने के बाद जिला परिवहन विभाग ने प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक प्रक्रिया शुरू की और निर्धारित समय-सीमा के भीतर तीनों शिकायतों का सफलतापूर्वक निराकरण कर दिया।
हितग्राहियों ने जताया शासन के प्रति विश्वास
समस्या का समाधान मिलने के बाद हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिकायत दर्ज कराने के बाद जल्द कार्रवाई हुई और बिना किसी अनावश्यक विलंब के समाधान मिलने से उन्हें राहत मिली।
हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, जिला प्रशासन और परिवहन विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से सरकारी सेवाएं अब अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से उपलब्ध हो रही हैं।
जनकेंद्रित प्रशासन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
राज्य सरकार का कहना है कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन का उद्देश्य केवल शिकायतों का निराकरण करना नहीं, बल्कि नागरिकों को यह विश्वास दिलाना है कि शासन उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह है।
समयबद्ध कार्रवाई, पारदर्शी प्रक्रिया और नागरिक संतुष्टि पर आधारित यह व्यवस्था शासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत कर रही है तथा प्रदेश में जनहितैषी प्रशासन की नई कार्य संस्कृति को बढ़ावा दे रही है।