4078145881738806504
14271021545470334915
Sushasan Tihar 2026

बस्तर जिले के जनपद पंचायत दरभा अंतर्गत ग्राम पंचायत चिंगपाल के बाजार चौक पर गुरुवार को सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया, जिसने शासन और जनता के बीच संवाद के साथ विकास कार्यों के लिए सेतु का मार्ग प्रशस्त किया। क्लस्टर स्तरीय इस आयोजन में न केवल चिंगपाल बल्कि लेंड्रा, नेगानार, कामानार, तिरथगढ़, कोटमसर और ककनार जैसी 14 समीपवर्ती ग्राम पंचायतों के ग्रामीण और जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में एकत्रित हुए। सुबह से ही बाजार चौक पर उत्साह का माहौल रहा, जहाँ शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को सीधे हितग्राहियों तक पहुँचाने के लिए प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। शिविर का शुभारंभ क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ, जिसमें जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मानदई कश्यप, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सम्पती नाग और जनपद उपाध्यक्ष श्री हरी प्रसाद कश्यप सहित अन्य वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने शिरकत की।

शिविर की विशेषता यह रही कि यहाँ ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं से लाभान्वित किया गया, एक ओर जहाँ राजस्व विभाग द्वारा भूमि पट्टों का वितरण किया गया, वहीं दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों का उपचार कर उन्हें निःशुल्क दवाइयाँ प्रदान की गईं। शिविर के दौरान राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड और श्रम पंजीयन जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेजों को बनाने और उनमें सुधार करने का कार्य भी त्वरित गति से किया गया, जो ग्रामीणों के लिए काफी सहूलियत भरा साबित हुआ। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से न केवल आवेदन स्वीकार किए, बल्कि कई समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया।

उद्यान विभाग द्वारा ग्रामीणों को उन्नत किस्म के पौधों और बीज मिनीकिट का वितरण किया गया, तो वहीं मत्स्य विभाग ने कीट वितरण कर मछुआरों को प्रोत्साहित किया। शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया, जो पूरे आयोजन का आकर्षण केंद्र रहा।

इस मौके पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन और एसडीएम तोकापाल श्री शंकर लाल सिन्हा ने शिविर में लगाए गए विभागीय स्टालों का निरीक्षण करते हुए ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *