कोरबा। भारतीय जनता पार्टी ने निकाय और पंचायत चुनाव में बागी रूख अपनाने वाले नेताओं पर कठोरता से कार्रवाई शुरू कर दी है। कोरबा जिले में नगर निगम के नव निर्वाचित सभापति को पार्टी से निष्कासित करने के बाद जनपद में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर बागी होकर चुनाव लड़ने और लड़वाने वाले 4 नेताओं को भी दंडित किया है। उधर कोरिया जिले में भी भाजपा की बागी प्रत्याशी को पार्टी ने 6 साल के लिए बाहर कर दिया है।

बीजेपी द्वारा यह कार्रवाई कोरबा जनपद पंचायत में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव के मद्देनजर की गई है। यहां भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ पार्टी के ही दो नेताओं ने अपनी पत्नियों को चुनाव मैदान में उतार दिया। बीजेपी के नेता कृष्णा राजपूत ने अपनी पत्नी चंद्रकांता राजपूत को जहां उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव मैदान में उतारा। वहीं अरविंद भगत ने अपनी पत्नी मोनिका भगत को पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के विरूद्ध अध्यक्ष पद के लिए खड़ा कर दिया। मजे की बात यह है कि दोनों की पत्नियां चुनाव हार गईं और पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी दोनों पदों पर चुनाव जीत गए।

इस मामले पर बीजेपी हाई कमान ने कठोरता दिखाते हुए पार्टी से बगावत करने वाले दोनों नेता और उनकी पत्नियों को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 साल के लिए बाहर कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *