4078145881738806504
14271021545470334915

छत्तीसगढ़ के नगरीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की शानदार जीत को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने जनता-जनार्दन के भाजपा के प्रति दृढ़ विश्वास का उद्घोष बताया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के तमाम झूठे वादों और झूठे प्रचार के बावजूद प्रदेश के शहरों-नगरों की जनता-जनार्दन ने भाजपा के “अटल विश्वास पत्र” में किए गए वादों पर अपना भरोसा व्यक्त किया है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार के सुशासन पर एक बार फिर से मुहर लगाई है.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने निकाय चुनावों में पार्टी की शानदार जीत को शहरी व नगरीय जनता की जीत बताया. उन्होंने कहा कि प्रदेश के 10 नगर निगमों में से कांग्रेस को एक भी निगम में सफलता नहीं मिली और वहां कांग्रेस का सूपड़ा ही साफ हो गया. रायपुर नगर निगम में भाजपा ने रिकॉर्ड जीत दर्ज की. कांग्रेस के लिए इससे अधिक शर्मनाक क्या हो सकता है कि 49 नगर पालिकाओं के नतीजों में कांग्रेस दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू सकी है, इसी प्रकार 114 नगर पंचायतों में 84 में भाजपा की बढ़त रही. देव ने कहा कि इन नतीजों के जरिए प्रदेश की जनता ने कांग्रेस के दोहरे राजनीतिक चरित्र के साथ-साथ जातिवादी मानसिकता, तुष्टीकरण, परिवारवाद और समाज के वर्गों में विभाजन की कांग्रेस की विध्वंसकारी मानसिकता पर सीधी चोट की है.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश तेजी से विकास के नित-नए आयाम गढ़ रहा है. निकाय क्षेत्रों की जनता ने एक बार फिर कांग्रेस को पूरी तरह खारिज कर दिया है. भाजपा की ऐतिहासिक जीत को विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प की जीत निरूपित करते हुए किरण देव ने कहा कि प्रदेश की जनता ने कांग्रेस रूपी अभिशाप से मुक्त होकर विकास का मार्ग चुना है. भाजपा नगरीय निकायों में विकास कार्यों को गति देकर मूलभूत सुविधाएं जुटाने के अपने संकल्पों को पूरा करने पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी. रायपुर शहर और प्रदेश के हर शहर-नगर के हर व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के उद्देश्य से भाजपा के विजयी जनप्रतिनिधि काम करेंगे और प्रदेश के शहरों व नगरों को विकास के शिखर पर पहुंचाएंगे. भाजपा जनादेश को पूरी विनम्रता से स्वीकार कर अब सेवा, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प के साथ विकास के नित-नए अध्याय लिखेगी.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *