छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से शुरू हो रहा है, जो 20 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान द्वितीय अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा, और आय-व्यय की मांगों पर चर्चा होगी। इस सत्र में कांग्रेस पार्टी विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति तैयार कर चुकी है, जिसमें कानून व्यवस्था, धान खरीदी, सरकारी नौकरियों, और मनपसंद शराब एप का मुद्दा प्रमुख रूप से शामिल है। वहीं, सत्ता पक्ष ने भी कांग्रेस को जवाब देने के लिए अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
कांग्रेस ने शीतकालीन सत्र में सरकार को घेरने के लिए अपने मुद्दों की सूची तैयार की है। पार्टी के नेता विधानसभा में धान खरीदी, कानून व्यवस्था, मनपसंद शराब एप, सरकारी नौकरियों में भर्ती और अन्य सरकारी योजनाओं पर चर्चा करेंगे। कांग्रेस का दावा है कि ये मुद्दे राज्य की जनता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और इन पर सरकार का ध्यान नहीं गया है।
कांग्रेस विधायक दल की बैठक रविवार को राजधानी रायपुर के होटल सेलिब्रेशन में हुई, जिसमें विधायकों ने आगामी सत्र की रणनीति पर चर्चा की। बैठक की अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने की, और इसमें प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज , पूर्व स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव , और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया।