बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से लगातार आ रही नमी के कारण प्रदेश के अधिकतर शहरों में बादल बने हुए हैं। इससे फिलहाल लू से राहत मिल गई है, लेकिन वातावरण में उमस बढ़ गई है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश भी हो रही है।

इसी क्रम में रविवार सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक छिंदवाड़ा में नौ, उमरिया में सात, जबलपुर में चार, नौगांव में तीन, दमोह, मंडला, नरसिंहपुर एवं सिवनी में एक मिलीमीटर बारिश हुई। इस दौरान तेज रफ्तार से हवाएं भी चलीं। सबसे अधिक 43.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रतलाम में दर्ज किया गया। 11 शहरों में दिन का तापमान 40 से 43.4 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

दो-तीन दिन बने रहेगा बारिश का मौसम

  • मौसम विज्ञानियों के अनुसार सोमवार को जबलपुर, शहडोल, सागर, नर्मदापुरम संभाग के जिलों में बारिश होने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी वीएस यादव ने बताया कि वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ विदर्भ के आसपास द्रोणिका के रूप में बना हुआ है।
  • दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान और उसके आसपास हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। इसके अतिरिक्त उत्तर-दक्षिणी द्रोणिका विदर्भ से लेकर तमिलनाडु तक बनी हुई है। इस वजह से गरज-चमक के साथ कुछ स्थानों पर बारिश हो रही है। मौसम का इस तरह का मिजाज 29 अप्रैल तक बना रह सकता है।
  • मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि अलग-अलग स्थानों पर बनी मौसम प्रणालियों के असर से बंगाल की खाड़ी एवं अरब सागर से नमी आ रही है। इस वजह से गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है। मौसम का इस तरह का मिजाज अभी दो-तीन दिन तक बना रह सकता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *