नारायणपुर : छत्तीसगढ़ के रजत जयंती वर्ष के मौके पर युवाओं को ‘विकसित भारत 2047’ और ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के संकल्प से जोड़ने के लिए नारायणपुर के ए.जी. ऑडिटोरियम में ‘युवा उड़ान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 16 से 24 वर्ष की उम्र के मेधावी विद्यार्थियों, राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय खिलाड़ियों, दिव्यांगजनों, कौशल विकास प्रशिक्षणार्थियों और आत्मसमर्पित पूर्व नक्सली युवाओं ने हिस्सा लिया।
कौशल और प्रतिभा के दम पर युवा लिखेंगे नई कहानी: केदार कश्यप
कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की युवा शक्ति ही प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं की शिक्षा, खेल प्रतिभा और कौशल को सही मंच और अवसर देकर उन्हें राष्ट्र निर्माण में आगे बढ़ने के लिए तैयार किया जा रहा है।
कश्यप ने कहा कि बस्तर के प्रतिभाशाली विद्यार्थी और युवा विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि उन्हें अपनी क्षमता दिखाने और आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर मिलें।
सिर्फ पढ़ाई नहीं, हुनर और जिज्ञासा भी जरूरी: विश्व विजय सिंह तोमर
राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने कहा कि आज के समय में केवल किताबी ज्ञान युवाओं की सफलता के लिए पर्याप्त नहीं है। युवाओं को अपनी जिज्ञासा, रचनात्मकता और व्यावहारिक कौशल को लगातार विकसित करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ‘युवा उड़ान’ का उद्देश्य युवाओं को उनकी प्रतिभा के मुताबिक सही दिशा और मंच उपलब्ध कराना है, ताकि उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और समाज व राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत हो।
विशेषज्ञों ने युवाओं को दिए सफलता और राष्ट्र निर्माण के मंत्र
कार्यक्रम में आयोजित बौद्धिक सत्रों में विशेषज्ञों ने युवाओं से विभिन्न विषयों पर संवाद किया। डॉ. मीनाक्षी ठाकुर ने ‘युवा शक्ति-राष्ट्र शक्ति’ विषय पर युवाओं की भूमिका पर चर्चा की और विकसित भारत 2047, आत्मनिर्भर भारत तथा मेक इन इंडिया जैसे अभियानों में युवाओं के योगदान को रेखांकित किया।
डॉ. विश्वजीत ने विद्यार्थियों को संवैधानिक और व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी। वहीं डॉ. सतीश पाण्डेय ने प्रेरक प्रसंगों के जरिए युवाओं को सकारात्मक सोच के साथ लगातार सीखते रहने के लिए प्रेरित किया।
मेधावी छात्रों और खिलाड़ियों को सम्मान
कार्यक्रम में शिक्षा और खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवाओं को सम्मानित किया गया।
कक्षा 10वीं में 94.33 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा भाविका देवांगन और 94 प्रतिशत अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहीं कोविता कोर्राम को सम्मानित किया गया।
खेल के क्षेत्र में भी जिले का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को मंच पर सम्मान मिला। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के मलखंभ विजेता संताय पोटाई और मोनिका पोटाई, खेलो इंडिया फुटबॉल के उपविजेता शशिकांत कुमेटी और मनीष कोवाची को सम्मानित किया गया।
इसके अलावा ऑल इंडिया खो-खो क्वालीफायर अमृता गोटा, नेशनल स्कूल गेम्स खो-खो विजेता शामुएल कल्लो और किशोर कावड़ो तथा राष्ट्रीय खिलाड़ी दिव्या कांगे को भी खेल पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, डीएफओ सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।