पीडब्ल्यूडी सचिव मुकेश कुमार बंसल ने जांजगीर-चांपा और कोरबा में सड़क-पुल निर्माण कार्यों की समीक्षा की रायपुर, जांजगीर-चांपा और कोरबा जिले में सड़क एवं पुल निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने निगरानी तेज कर दी है। विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने दोनों जिलों का दौरा कर निर्माणाधीन सड़कों और पुलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्माण में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।

खोलार नाला पुल का निर्माण दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश

कोरबा में आयोजित समीक्षा बैठक में सचिव बंसल ने सीजीआरआईडीसीएल योजना के अंतर्गत कटघोरा-हरदीबाजार-बलौदा-अकलतरा मार्ग यानी औद्योगिक कॉरिडोर पर चल रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने खोलार नाला पर उच्चस्तरीय पुल और पहुंच मार्ग का निर्माण दिसंबर 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुल पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए क्रैश बैरियर पर हैंडरेल लगाने को कहा। साथ ही खोलार नाला के पास सड़क के कटाव को रोकने के लिए रिटेनिंग वॉल, पिचिंग और अन्य सुरक्षा कार्य कराने के निर्देश कोरबा कलेक्टर को दिए।

हसदेव नदी पर फोरलेन पुल की तैयारी

समीक्षा के दौरान सीपत-बलौदा-कोरबा (कुदुरमाल) मार्ग पर हसदेव नदी में उच्चस्तरीय फोरलेन पुल और पहुंच मार्ग के निर्माण का मुद्दा भी उठा। सचिव ने अधिकारियों को इसके लिए प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए। इस परियोजना से संबंधित आगामी कार्यवाही के लिए प्रस्ताव तैयार करने पर जोर दिया गया।

बोराई नदी पुल का काम पूरा, सड़क निर्माण शेष

जांजगीर-चांपा जिले में धनवारपारा (सलनी)-नवागांव मार्ग पर बोराई नदी में उच्चस्तरीय पुल और पहुंच मार्ग का निर्माण पूरा हो चुका है। हालांकि, मार्ग के 905 मीटर हिस्से में बिटुमिनस टॉपिंग (बीटी) का काम शेष है। पामगढ़ रेस्ट हाउस में आयोजित बैठक के दौरान बिलासपुर सेतु संभाग के अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। सचिव बंसल ने मौजूदा अनुबंध के तहत शेष बीटी कार्य पूरा कराकर अनुबंध जल्द समाप्त करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों की मांग को देखते हुए अतिरिक्त 1,200 मीटर बीटी सड़क निर्माण के लिए अलग से पुनरीक्षित प्राक्कलन तैयार कर शासन को भेजने को भी कहा।

कार्यों के रिकॉर्ड और रखरखाव पर भी जोर

सचिव ने अधिकारियों को पीडब्ल्यूएमआईएस (PWMIS) में पूर्व वर्षों के पूर्ण निर्माण कार्यों के अंतिम देयकों से संबंधित प्रक्रियाएं पूरी करने और अद्यतन जानकारी पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने पामगढ़ रेस्ट हाउस में साफ-सफाई बनाए रखने और जरूरी मरम्मत कार्य कराने को भी कहा। निरीक्षण और समीक्षा के दौरान लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *