कोलता समाज के नुआखाई भेंटघाट एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री, भवन निर्माण के लिए 80 लाख रुपये की घोषणारायगढ़, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धर्म के आधार पर आरक्षण का लाभ नहीं दिए जाने संबंधी सुप्रीम कोर्ट के फैसले को महत्वपूर्ण बताया है। रायगढ़ में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि यह निर्णय दूरगामी महत्व रखता है और इससे अवैध धर्मांतरण पर रोक लगाने में भी मदद मिल सकती है।
मुख्यमंत्री रायगढ़ में कोलता समाज द्वारा आयोजित नुआखाई भेंटघाट एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने समाज के लोगों को नुआखाई और शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं तथा आयोजन के लिए समाज के प्रति आभार जताया।
कोलता समाज के भवनों के लिए 80 लाख रुपये की घोषणा
मुख्यमंत्री ने नगर पंचायत पुसौर में कोलता समाज के भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये और ग्राम कोतरलिया चंडी डोंगरी में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 30 लाख रुपये देने की घोषणा की। दोनों घोषणाओं के तहत कुल 80 लाख रुपये की राशि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोलता समाज शिक्षित, संगठित और प्रगतिशील समाज है। समाज के लोग शिक्षा, कृषि और व्यापार सहित विभिन्न क्षेत्रों में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में समाज की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।
महिला क्रिकेट को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैचों के आयोजन पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच होने वाले मुकाबलों से महिला क्रिकेट को बढ़ावा मिलेगा और बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
उन्होंने प्रदेशवासियों से मैचों में पहुंचकर महिला खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।