रायपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवाकाल के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए संस्कृति और पर्यटन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने नया रायपुर में अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान के तहत होने वाली गतिविधियों की समीक्षा की।
अभियान में नुक्कड़ नाटक खास आकर्षण होंगे। स्कूल-कॉलेजों, पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों और सार्वजनिक स्थानों पर होने वाली इन प्रस्तुतियों के जरिए सरकार की योजनाओं और उनसे लोगों की जिंदगी में आए बदलाव की कहानियां सामने रखी जाएंगी। स्थानीय भाषा, लोककला, संगीत और संवादों के जरिए इन्हें ज्यादा रोचक बनाने की तैयारी है।
नुक्कड़ नाटकों में योजनाओं के वास्तविक लाभार्थियों की कहानियों को भी शामिल किया जाएगा, ताकि सरकारी योजनाओं की जानकारी सिर्फ प्रचार तक सीमित न रहे, बल्कि लोगों से सीधे संवाद का माध्यम बने। स्कूल-कॉलेजों में कार्यक्रमों के जरिए युवाओं और विद्यार्थियों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा।
सोशल मीडिया पर दिखेगी छत्तीसगढ़ की नई तस्वीर
अभियान के दौरान पर्यटन विभाग देश और प्रदेश के सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स के जरिए छत्तीसगढ़ की बदलती तस्वीर लोगों तक पहुंचाएगा। इन्फ्लूएंसर्स प्रदेश के पर्यटन स्थलों, बेहतर होती सुविधाओं, नए इंफ्रास्ट्रक्चर और विकास कार्यों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दिखाएंगे।
इस पहल का फोकस छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा को देशभर में पहुंचाने के साथ प्रदेश के पर्यटन स्थलों को भी ज्यादा पहचान दिलाना है। सोशल मीडिया की बड़ी पहुंच को देखते हुए युवाओं को अभियान से जोड़ने पर भी जोर दिया जाएगा।
एक महीने तक होंगे कई कार्यक्रम
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’ और ‘सरकार आपके द्वार’ जैसे कार्यक्रम शामिल हैं।
इन कार्यक्रमों के जरिए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर रहेगा। साथ ही समाज के अलग-अलग वर्गों की भागीदारी भी सुनिश्चित करने की कोशिश होगी।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने अधिकारियों से कहा कि अभियान की गतिविधियों को केवल औपचारिक कार्यक्रम न बनाकर उन्हें रचनात्मक और लोगों से सीधे जुड़ने वाला बनाया जाए। उन्होंने संस्कृति, लोककला, पर्यटन, युवाओं और डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते हुए अभियान को ज्यादा प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि संस्कृति लोगों से संवाद का मजबूत माध्यम है, जबकि पर्यटन के जरिए छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा को देश-दुनिया तक पहुंचाया जा सकता है। दोनों विभागों के बेहतर तालमेल से ‘सेवा संकल्प अभियान’ को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने की तैयारी है।