रायपुर : हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की स्मृति में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेल दिवस समारोह आयोजित किया गया। ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ और ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ की थीम पर हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने खेल एवं शारीरिक गतिविधियों में उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मेजर ध्यानचंद के छायाचित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद विद्यार्थियों को खेल, योग और नियमित शारीरिक गतिविधियों के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलों को जीवन का हिस्सा बनाना विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बेहद जरूरी है।
समारोह के मुख्य अतिथि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक खेल गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव हैं। उन्होंने ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ अभियान का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेल और शारीरिक गतिविधियों के लिए देने का आह्वान किया।
खेल और स्वास्थ्य पर पुस्तक का विमोचन
समारोह के दौरान विश्वविद्यालय के खेल अधिकारी डॉ. राम कुमार ठाकुर द्वारा लिखित पुस्तक “Physical Education, First Aid, Yoga and Meditation: A Practical Perspective” का विमोचन भी किया गया। पुस्तक में शारीरिक शिक्षा, प्राथमिक उपचार, योग और ध्यान जैसे विषयों को व्यावहारिक नजरिए से प्रस्तुत किया गया है।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में विद्यार्थियों के लिए एक घंटे का जुंबा और अन्य शारीरिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ इसमें भाग लिया और खेल दिवस के संदेश को जीवंत किया।
इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय शर्मा सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।