रायपुर, छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 3 नवंबर तक आयोजित होने वाले छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में राज्योत्सव और राज्य अलंकरण समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए गए। विभागों को 22 अक्टूबर तक तैयारियों और प्रदर्शनी की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया।
मुख्य सचिव ने राज्योत्सव को केंद्रीय थीम आधारित स्वरूप में आयोजित करने पर जोर दिया। प्रदर्शनी में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, मानव पूंजी विकास, विकसित भारत और अंजोर छत्तीसगढ़ सहित भविष्य की दिशा और विकास से जुड़े विषयों को प्रमुखता देने के निर्देश दिए गए। राज्योत्सव के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से 40 राज्य स्तरीय अलंकरण एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। पुरस्कार चयन की प्रक्रिया भी निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पूरी करने को कहा गया है।
राज्य स्तरीय आयोजन नवा रायपुर अटल नगर के ग्राम तूता स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर (मेला ग्राउंड) में प्रस्तावित है। संस्कृति विभाग को आयोजन का नोडल विभाग बनाया गया है। सीएसआईडीसी, एनआरडीए और लोक निर्माण विभाग को मेला स्थल के ले-आउट, स्टॉल आवंटन, विकास प्रदर्शनी, मुख्य मंच, डोम, पंडाल, बैठक और बैरिकेटिंग की जिम्मेदारी दी गई है।
जनसंपर्क विभाग और चिप्स प्रचार-प्रसार तथा हाईटेक मीडिया सेंटर की व्यवस्था करेंगे। नगर निगम रायपुर और एनआरडीए नागरिक सुविधाओं, सिटी बस, पेयजल एवं स्वच्छता की व्यवस्था संभालेंगे। वहीं जिला प्रशासन और पुलिस विभाग सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। स्वास्थ्य एवं ऊर्जा विभाग को चिकित्सा, एंबुलेंस और निर्बाध विद्युत आपूर्ति की जिम्मेदारी दी गई है।
बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन, पंचायत, गृह एवं जेल, नगरीय प्रशासन, महिला एवं बाल विकास, लोक निर्माण, स्कूल शिक्षा, पर्यटन एवं संस्कृति, कौशल विकास, सूचना प्रौद्योगिकी, खेल एवं युवा कल्याण, आदिम जाति विकास, श्रम, ग्रामोद्योग और ऊर्जा विभाग सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।