रायगढ़ : शिक्षक दिवस के मौके पर रायगढ़ जिले के पुसौर विकासखंड के कोड़ातराई में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं देने की दिशा में कदम बढ़ाया गया। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने यहां करीब 1.21 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पीएम श्री स्कूल भवन का भूमिपूजन किया।
नए भवन में विद्यार्थियों के लिए आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। भवन बनने के बाद क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर अधोसंरचना मिल सकेगी।
बच्चों में सवाल पूछने और कुछ नया करने की आदत जरूरी
कार्यक्रम में ओपी चौधरी ने कहा कि शिक्षा समाज और देश के विकास की बुनियाद है। तकनीक तेजी से बदल रही है, ऐसे में विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों और अवसरों के लिए तैयार करना जरूरी है।
उन्होंने शिक्षकों से कहा कि बच्चों को केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित न रखें। उनमें जिज्ञासा, सवाल पूछने, नई सोच और नवाचार की प्रवृत्ति विकसित की जाए। उन्होंने कहा कि आज के दौर में बच्चों में इनोवेशन और स्टार्टअप की सोच विकसित करना भी जरूरी है।
वित्त मंत्री ने शिक्षक दिवस पर सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण और उनके भविष्य को दिशा देने में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
सकरबोगा में ग्रामीणों के बीच बैठकर सुनी समस्याएं
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने शनिवार सुबह रायगढ़ जिले के सकरबोगा गांव का भी दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों के बीच बैठकर स्थानीय समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, पेयजल, सिंचाई, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। विकास योजनाओं को स्थानीय लोगों की जरूरतों और सुझावों के आधार पर आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि योजनाओं का सीधा लाभ ग्रामीणों तक पहुंचे।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष पुसौर हेमलता हरिशंकर चौहान, जिला पंचायत सदस्य भाग्यवती डोलनारायण नायक, जनपद पंचायत सदस्य गोपी चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।