रायपुर : राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के तहत पढ़ाई कर रहे प्रदेश के हजारों छात्रों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। प्रथम या द्वितीय सेमेस्टर के एक-दो प्रश्नपत्रों में असफल होने के कारण 5वें सेमेस्टर में प्रवेश से वंचित छात्रों को अब अनंतिम (Provisional) प्रवेश दिया जाएगा। सरकार के इस फैसले से छात्रों का शैक्षणिक वर्ष खराब होने से बच सकेगा।

अध्यादेश में किया जाएगा जरूरी संशोधन

उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य को लेकर गंभीर है और NEP लागू करने के दौरान सामने आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों का समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्रों के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए संबंधित अध्यादेश में आवश्यक संशोधन किया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि प्रथम या द्वितीय सेमेस्टर के एक-दो पेपर में अनुत्तीर्ण होने के कारण जिन छात्रों का 5वें सेमेस्टर में प्रवेश रुक गया था, उन्हें अब प्रोविजनल एडमिशन दिया जाएगा। इससे वे अपनी आगे की पढ़ाई जारी रख सकेंगे।

NEP लागू करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध

टंक राम वर्मा ने कहा कि राज्य में राष्ट्रीय शिक्षा नीति को प्रभावी ढंग से लागू करना सरकार की प्राथमिकता है। इसके क्रियान्वयन के दौरान यदि किसी स्तर पर व्यावहारिक समस्या सामने आती है, तो छात्रों के हित को ध्यान में रखते हुए उसका समाधान किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में बदलाव का उद्देश्य युवाओं को बेहतर अवसर देना है। सरकार छात्रों की पढ़ाई बाधित न हो और उनका भविष्य प्रभावित न हो, इसके लिए जरूरी कदम उठाती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *