ब्रेकिंग न्यूज़

रायपुर,छत्तीसगढ़ में आगामी राष्ट्रीय मुख्य सचिव सम्मेलन की तैयारियों को लेकर मंत्रालय महानदी भवन में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में राज्य की प्रमुख उपलब्धियों, नवाचारों और उत्कृष्ट योजनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की रणनीति पर चर्चा की गई। साथ ही पिछले सम्मेलन से जुड़े विषयों की प्रगति और कार्यों की निगरानी के लिए एक्शन ट्रैकिंग एंड मॉनिटरिंग सिस्टम की समीक्षा की गई।

 

बैठक में मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों को शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य और पोषण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में हुए गुणात्मक सुधारों की जानकारी निर्धारित समय-सीमा में तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य में किए गए नवाचारों और सकारात्मक परिणामों को सम्मेलन में प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाना चाहिए, ताकि छत्तीसगढ़ की बेहतर कार्यप्रणाली और उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके।

 

बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों में संचालित खिलौना बैंक पहल की विशेष सराहना की गई। इस योजना के तहत लोग अपने बच्चों के पुराने खिलौने आंगनबाड़ी केंद्रों में जमा करते हैं, जिनका उपयोग बच्चों के मानसिक विकास और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में किया जाता है। इस पहल के अंतर्गत अब तक एक लाख से अधिक खिलौने एकत्र किए जा चुके हैं।

 

राष्ट्रीय सम्मेलन में विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए चार प्रमुख विषयों पर सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें विकास की प्राथमिकताएं, आर्थिक वृद्धि और राज्य के वित्त को मजबूत बनाने में खनन की भूमिका, सुशासन में तकनीक का उपयोग तथा सड़क और अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए बेहतर कार्यप्रणाली जैसे विषय शामिल हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य एवं पोषण, उर्वरकों के गैर-कृषि उपयोग पर नियंत्रण, प्राकृतिक गैस को बढ़ावा देने और अंतरराज्यीय प्रतिस्पर्धा जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी।

 

बैठक में नगरीय प्रशासन, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, गृह, राजस्व, कौशल विकास, उद्योग, लोक निर्माण, जल संसाधन और अन्य विभागों के वरिष्ठ सचिव एवं अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य राज्य की प्राथमिकताओं और नवाचारों को सुव्यवस्थित रूप से प्रस्तुत करना तथा राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों को प्रभावी पहचान दिलाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *